पुलिस ने दो विधि विवादित किशोर संरक्षण में लिए
कोटद्वार। पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चोरी हुए सोने चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने दो विधि विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया है। बरामद जेवरातों की कीमत लगभग चार लाख रूपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक स्थानीय निवासी प्रेम सिंह द्वारा कोतवाली में तहरीर देकर बताया गया कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनके घर से कीमती सोने एवं चांदी के जेवरात चोरी कर ले गया है। पुलिस द्वारा प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धारा 305 (ए) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
इस मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम द्वारा साक्ष्यों के आधार पर उक्त चोरी की वारदात में शामिल दो विधि -विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया। पूछताछ के बाद किशोरों के कब्जे से चोरी किए गए लगभग चार लाख रुपये कीमत के सोने एवं चांदी के जेवरात बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में दोनों विधि -विवादित किशोरों ने बताया कि उन्होंने मोबाइल फोन खरीदने के लिए उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इनमें से एक किशोर का परिवार प्रेम सिंह के मकान में पिछले लगभग दस वर्षों से किराएदार के रूप में रह रहा था।
