पौड़ी (जगमोहन डांगी)। उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष व प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने पौड़ी में संपन्न कांग्रेस की रैली में उमड़े भारी जनसमूह को उत्तराखंड में कांग्रेस की लहर का संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता डबल इंजन की सरकार से खिन्न हो चुकी है और वह अब बदलाव चाहती है।
पौड़ी स्थित कंडोलिया मैदान में आयोजित रैली में मौजूद कांग्रेस नेता धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि आज इस रैली में जिस तरह से जनसमूह उमड़ा है। उससे स्पष्ट है उत्तराखंड की जनता अब भाजपा सरकार से मुक्ति चाहती है। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की वजह से यधपि राहुल गांधी नहीं आ पाए लेकिन जब उनका वीडियो संदेश प्रसारित हुआ उस वक्त मौजूद जनसमूह राहुल गांधी के संबोधन को बहुत गंभीरता से सुन रहा था।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता गांव गांव जाकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों से जनता को अवगत करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जिस तरह कांग्रेस की लहर बन चुकी है। इस कांग्रेस लहर के आगे भाजपा का सूपड़ा साफ होगा तय है।
उन्होंने कहा प्रदेश के लोग अंकिता भंडारी हत्याकांड, अग्नि वीर योजना, पलायन, महंगाई व बेरोजगारी जैसे तमाम सवालों से त्रस्त हैं। भाजपा के पास इन सवालों का जवाब नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को असफल नेता बताते हुए कहा कि उनके पास उत्तराखंड के विकास के लिए कोई ठोस नीति नहीं है।
कांग्रेस प्रवक्ता धीरेन्द्र प्रताप ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी के अन्य नेता हजारों कार्यकर्ताओं के साथ आज पार्टी को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रभारी शैलजा और सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा व मनोज यादव की भी तारीफ करते हुए कहा कि उनकी मेहनत आज दिखाई देने लगी है।
