रामनगर। राज्य कर कार्यालय रामनगर में पूर्णकालिक राज्य कर अधिकारी की तैनाती की मांग को लेकर रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्य कर विभाग हल्द्वानी की संयुक्त आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने रामनगर कार्यालय में जल्द राज्य कर अधिकारी की तैनाती की मांग की है।
संयुक्त आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने बताया कि राज्य कर कार्यालय रामनगर के राज्य कर अधिकारी के पास हल्द्वानी सेक्टर के एसआईआर संबंधी कार्यों का भी अतिरिक्त दायित्व भी है। जिस कारण वह रामनगर कार्यालय के जीएसटी संबंधी कार्यों के लिए अपेक्षित समय उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। जिससे करदाताओं की समस्याओं के समाधान, अधिवक्ताओं की सुनवाई तथा अन्य विभागीय कार्यों के समयबद्ध निष्पादन में कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि राज्य कर कार्यालय रामनगर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, करदाता एवं अधिवक्ता जीएसटी संबंधी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यहां पूर्णकालिक राज्य कर अधिकारी की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है, जिससे विभागीय कार्यों का संचालन सुचारु रूप से हो सके तथा करदाताओं को समयबद्ध सेवाएं मिल सके।
ज्ञापन में रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन ने मांग करते हुए कहा कि वर्तमान राज्य कर अधिकारी को एसआईआर संबंधी अतिरिक्त दायित्वों से मुक्त कर रामनगर कार्यालय में पूर्णकालिक रूप से कार्य करने हेतु आदेशित किया जाए। अन्यथा किसी अन्य राज्य कर अधिकारी को रामनगर कार्यालय के जीएसटी संबंधी कार्यों के लिए अधिकृत किया जाए। इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त हेमा बिष्ट ने आश्वासन दिया कि प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन देने वालों में टैक्स बार एसोशिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट डा. पूरन चन्द्र पाण्डे एवं एसोसिएशन के उपसचिव एडवोकेट डा. मनु अग्रवाल उपस्थित थे।
