पत्रकार वार्ता में समाजसेवी रावत ने जारी किया संकल्प पत्र
श्रीनगर। विधानसभा श्रीनगर क्षेत्र से भावी प्रत्याशी विजय रावत ने उत्तराखंड के स्थानीय संसाधनों को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का संकल्प सामने रखा है। उनके द्वारा जारी संकल्प पत्र में क्षेत्र के विकास के साथ युवाओं, महिलाओं, किसानों व स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
गत दिवस श्रीनगर मे आयोजित पत्रकार वार्ता में समाजसेवी विजय रावत ने अपना संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि उत्तराखंड के प्राकृतिक एवं स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। संकल्प पत्र में पानी के प्लांट, मछली पालन, पोल्ट्री फार्म, पशुपालन एवं डेयरी जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा देने की बात कही है। रावत ने कहा कि उनका लक्ष्य पलायन के रहे युवाओं को अपने क्षेत्र में ही स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
जारी संकल्प पत्र में उन्होंने महिला सशक्तिकरण मिशन को भी प्रमुख स्थान देते हुए स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार से जोड़ने की योजना पर जोर दिया गया है। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विजय रावत ने प्राथमिकता तय की है। संकल्प पत्र में उन्होंने अब तक 13 नि:शुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किए जाने का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने का संकल्प लिया है। साथ ही गैरसैंण को राजधानी में अपनी जगह से सेवा भाव से जोड़ने की बात भी कही गई है। विजय रावत ने कहा कि विकास का लाभ केवल शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि गांवों तक रोजगार और सुविधाएं पहुंचनी चाहिए। उन्होंने स्थानीय संसाधनों, युवाओं की क्षमता और महिलाओं की भागीदारी को विकास की मजबूत नींव बताते हुए हर संसाधन से रोजगार, हर परिवार खुशहाल का संदेश दिया।
संकल्प पत्र के माध्यम से रावत ने श्रीनगर विधानसभा के लिए रोजगार, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को केंद्र में रखकर विकास का नया माडल सामने रखने का दावा किया है। पत्रकार वार्ता में राजकुमार ढाका, गबर बिष्ट, रघुवीर बिष्ट, नरेश व अजय नेगी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
