कोटद्वार। संत निरंकारी मिशन द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से संचालित ‘वननेस वन प्रकृति के साथ समरसता’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सेवादारों द्वारा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लिया गया।
रविवार को शाखा प्रभारी बीएस रमोला की मौजूदगी में राजकीय महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में संत निरंकारी सेवादल एवं संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के स्वयंसेवकों द्वारा सहभागिता करते हुए 20 पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर शाखा प्रभारी रमोला ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मिशन का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करना तथा समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता की भावना विकसित करना है।
इस अवसर पर सेवादारों ने संत निरंकारी मिशन के प्रेरणास्रोत संदेश ‘प्रदूषण अंदर हो या बाहर, दोनों ही हानिकारक हैं’ को जीवन में अपनाते हुए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति हमारा व्यवहार केवल वर्तमान पीढ़ी को ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के जीवन को भी प्रभावित करता है।
कार्यक्रम में संत निरंकारी सेवादल एवं संत निरंकारी चेरिटेबल फाउंडेशन के सदस्यों ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि धरती को हरा भरा एवं सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
