जिले के अंतिम छोर तक ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाएंगे : पंकज
कोटद्वार। जिला सहकारी बैंक कोटद्वार के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो गई है। दोनों पदों पर एक -एक नामांकन आने के कारण भाजपा समर्थित पंकज रावत को अध्यक्ष और सुरेंद्र प्रताप सिंह को उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इसके अलावा उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक और उत्तराखंड प्रादेशिक कोआपरेटिव यूनियन के लिए प्रतिनिधियों का भी निर्विरोध चयन हुआ।

मंगलवार को जिला सहकारी बैंक मुख्यालय में निर्वाचन अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी विद्या दत्त रतूड़ी के निर्देशन में चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के साथ ही दो समितियों के लिए प्रतिनिधियों का निर्वाचन किया जाना था। निर्धारित समय तक सभी पदों पर एक -एक नामांकन पत्र प्राप्त हुआ। जांच के बाद सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

निर्वाचन अधिकारी रतूड़ी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर पंकज रावत और उपाध्यक्ष पद पर सुरेंद्र प्रताप सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए। उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, हल्द्वानी के लिए नीतू रावत, रवींद्र सिंह नेगी, मनोज पटवाल तथा चंद्रकला देवी को प्रतिनिधि चुना गया। इसके अलावा उत्तराखंड प्रादेशिक को आपरेटिव यूनियन लिमिटेड, देहरादून के लिए नरेंद्र सिंह और साधना त्रिपाठी का चयन हुआ। वहीं, निर्वाचित सदस्यों के समर्थकों ने हर्ष व्यक्त कर नगर में विजयी जुलूस निकाला तथा मिष्ठान वितरण किया।

वहीं, डीसीबी के पूर्व निदेशक नरेंद्र सिंह नेगी, जिलाध्यक्ष पौड़ी भाजपा कमल किशोर रावत, विधायक लैंसडौन महंत दिलीप सिंह रावत, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह समेत अनेक जनप्रतिनिधियों व समर्थकों द्वारा नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दी गयी।

एक मुलाकात में नवनिर्वाचित अध्यक्ष पंकज रावत ने बताया कि वह अपने इस कार्यकाल को उंचाईयों तक ले जाने की कोशिश करेंगे तथा जिले के अंतिम छोर के ग्रामीणों को अपनी बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें बड़ा गर्व हो रहा है कि उनके पूज्य पिताजी स्व. नरेंद्र सिंह रावत का डीसीबी में स्वर्णिम कार्यकाल रहा है। वह भी अपने कार्यकाल को उंचाईयों को तक पहुंचाने के लिए अनुभवी लोगों से सलाह मशविरा कर उनका मार्गदर्शन लेंगे।
