पचास विद्यार्थियों को उद्यमिता के लिए किया प्रेरित
जयहरीखाल। भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय अभिविन्यास (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के करीब पचास विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

बुधवार को प्रोजेक्ट समन्वयक देवेंद्र सिंह व महाविद्यालय के उद्यमिता समन्वयक डा. विक्रम सिंह के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता, स्वरोजगार एवं व्यवसाय के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं से परिचित कराना और उन्हें भविष्य में अपना उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत संचालित होने वाले आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नवाचार, स्वरोजगार एवं उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
इस एक दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को आगे आयोजित होने वाले तीन दिवसीय बूट कैंप तथा छह दिवसीय आवासीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए विद्यार्थियों को आनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। जो विद्यार्थी आनलाइन पंजीकरण नहीं कर पाए, उनके पंजीकरण की व्यवस्था कार्यक्रम के दौरान की गई।
प्राचार्य प्रो. लवली रानी राजवंशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए उद्यमिता और स्वरोजगार के क्षेत्र में अनेक अवसर उपलब्ध हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा उद्यमिता से संबंधित विभिन्न विषयों को लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की गयी। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
