बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच मेधावी विद्यार्थी भी हुए सम्मानित
पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी में नागरिक कल्याण एवं जागरूक विकास समिति और उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट की ओर से दिवंगत पत्रकार स्व. ललित मोहन कोठियाल की पुण्यतिथि पर स्मृति सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच व्यक्तियों को स्व. ललित मोहन कोठियाल स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं, बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

मंगलवार को नगर पालिका सभागार में आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि लेख इंटरनेशनल स्कूल भीमताल (नैनीताल) के संस्थापक एवं निदेशक सतेंद्र सिंह नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल पौड़ी से हुई है। इस दौरान उन्होंने बचपन की यादें साझा करते हुए विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य स्व. इंद्र मोहन मुदगिल को याद किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सदैव सम्मान किया जाना चाहिए क्योंकि किसी भी शहर या गांव के निर्माण और विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान होता है। पत्रकार जगमोहन डांगी और बाल साहित्यकार मनोहर चमोली ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में स्व. ललित मोहन कोठियाल का योगदान महत्वपूर्ण रहा है तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी संजीदगी और प्रतिबद्धता मिसाल रही है।
समारोह में स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कीर्ति सिंह रावत, खेल के क्षेत्र में राजेंद्र सिंह रावत, शिक्षा के क्षेत्र में वीरेंद्र काला, गढ़वाली साहित्य के क्षेत्र में गढ़ कवि एवं व्यंग्यकार नरेंद्र कठैत और जनसरोकारों के क्षेत्र में केशर सिंह असवाल को स्व. ललित मोहन कोठियाल स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राजकीय इंटर कालेज पौड़ी के एरोन मेसी, मैसमोर इंटर कालेज के प्रियांशु, डीएवी इंटर कालेज पौड़ी के शाह फिरोज और राजकीय बालिका इंटर कालेज पौड़ी की नंदिनी रावत को भी सम्मानित किया गया।
समारोह से पूर्व नागरिक कल्याण एवं जागरूक विकास समिति द्वारा एजेंसी चौक स्थित कार्यालय में स्व. ललित मोहन कोठियाल की स्मृति में पौधरोपण और स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके बाद जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के महासचिव नरेश चंद्र नौडियाल ने किया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत, उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र बड़थ्वाल, कोषाध्यक्ष मकान सिंह रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष विनय शर्मा, सुरेश चंद्र बड़थ्वाल, अनीता रावत, कुसुम नेगी और प्रशांत नेगी आदि मौजूद रहे।
