अल्मोड़ा। वन विभाग व पुलिस की संयुक्त टीमों ने अल्मोड़ा -नैनीताल सीमा पर एक ट्रक से भारी मात्रा में लीसा बरामद कर ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। मामले में वन विभाग द्वारा वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार प्रातः मिली एक सूचना के आधार पर सिविल सोयम वन प्रभाग की जागेश्वर रेंज, नैनीताल वन प्रभाग की मनोरा रेंज, चंपावत वन प्रभाग के मोरनौला अनुभाग और पुलिस चौकी मोरनौला की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग के दौरान मोरनौला से शहर फाटक की ओर आ रहे एक ट्रक संख्या यूके 04/ सीबी- 01569 से 534 टिन अवैध लीसा बरामद कर ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया। इस मामले में वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर ट्रक को लीसा डिपो धौला देवी जागेश्वर में सीज किया गया है। जबकि गिरफ्तार बलवंत सिंह पुत्र कैलाश सिंह निवासी गंगोलीहाट (पिथौरागढ़) को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
उधर, सिविल सोयम वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप धौलाखंडी ने बताया कि मामले में वन विभाग की ओर से कार्रवाई जारी है। लीसे की बरामदगी और वाहन से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
