पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 45 लाख रूपये आंकी
कोटद्वार। श्रीनगर कोतवाली पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक एंबुलेंस से भारी मात्रा में गांजा बरामद कर मौके से चालक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा रुद्रप्रयाग जनपद से श्रीनगर लाया जा रहा था। पुलिस द्वारा बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 45 लाख रूपये आंकी गई है। पुलिस ने चालक के विरुद्ध सुसंगत धारा मे मुकदमा दर्ज कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज किया है।

रविवार तड़के शहर कोतवाल कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा आवास विकास मैदान के समीप वाहनों की चेकिंग के दौरान एक ईको एंबुलेंस संख्या यूके14 -पीए/0539 को रोका गया। पुलिस टीम ने एंबुलेंस की तलाशी लेने पर 9 कट्टों में रखा 90 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस द्वारा मौके से वाहन चालक रविन्द्र सिंह निवासी चौरास जनपद टिहरी गढ़वाल को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ जनपद रुद्रप्रयाग क्षेत्र से एंबुलेंस में इस गांजे लेकर आ रहा था। जिसे श्रीनगर में बेचना था। उसने यह भी बताया कि वह पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी कर चुका है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर एबुलेंस को सीज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैद्यानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस द्वारा मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर आवश्यक जानकारियां जुटायी जा रही है।
