कोटद्वार। भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा विकसित भारत @2047 में युवाओं की भूमिका व उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने में सरकार एवं नागरिकों की भूमिका विषयों पर विचार रखे गए।
आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने युवाओं की जिम्मेदारी, नागरिक सहभागिता और उत्तराखंड के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों ने प्रभावशाली ढंग से अपनी बात रखते हुए विकास में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम की संयोजक डा. दुर्गा रजक ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम है। विद्यार्थियों को शिक्षा और कौशल के माध्यम से राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए। वहीं, सह संयोजक डा. सुमन कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से विकास कार्यों में बढ़ चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उमेश ध्यानी, डा. अर्चना नौटियाल, डा. मानसी वत्स, डा. ऊषा सिंह, डा. शिप्रा शर्मा, डा. वसीम अहमद और डा. सत्यनंदन भगत सहित अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे।
