फाइनल रोमांचक मैच में चंबा ने नजीबाबाद को 29 अंकों से दी करारी हार
सेमीफाइनल में नजीबाबाद ने कोटद्वार को एक अंक से हराया, 12 टीमों के खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
कोटद्वार। सेंट जोसफ कान्वेंट स्कूल के प्रांगण में दो दिवसीय आयोजित 29वीं फादर कैशियर मेमोरियल बास्केटबाल प्रतियोगिता -2026 का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों के स्कूलों की 12 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में चंबा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नजीबाबाद को 29 अंकों के बड़े अंतर से पराजित कर ट्राफी को अपने नाम किया।

पदमपुर स्थित सेंट जोसेफ कान्वेंट स्कूल के मैदान में 16 व 17 अक्टूबर को आयोजित वालीबाल प्रतियोगिता में कोटद्वार, नजीबाबाद, चंबा, नई टिहरी, नगीना, चिन्यालीसौड़, बिजनौर, श्रीनगर, जोशीमठ, पौड़ी, दोदराजपुर (नगीना) और उत्तरकाशी की टीमों ने प्रतिभाग किया। सभी टीमों के खिलाड़ियों द्वारा अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन कर मुकाबलों को रोमांचक बनाया गया।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में पहला मैच चंबा और नई टिहरी की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें चंबा के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 13 अंकों के अंतर से नई टिहरी को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में नजीबाबाद और कोटद्वार की टीमें आमने सामने रहीं। कांटे के इस रोमांचक मुकाबले में नजीबाबाद की टीम ने कोटद्वार को महज एक अंक से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
शनिवार को फाइनल मुकाबला चंबा और नजीबाबाद की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ी ने पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरे। चंबा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार नजीबाबाद पर दबाव बनाते हुए उसे 29 अंकों से पराजित कर ट्राफी को अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में चंबा की टीम विजेता नजीबाबाद को उपविजेता रही।
समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कोटद्वार क्षेत्र के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी अमित भट्टगिन उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल को हमेशा पूरी ईमानदारी और खेल भावना के साथ खेलना चाहिए क्योंकि खेल हमें जीवन में अनुशासन, समयबद्धता और टीम भावना से काम करना सिखाता है। उन्होंने कहा कि हार कभी भी अंतिम नहीं होती, बल्कि यह हमें अपनी कमियों को सुधारने और अगली बार अधिक मजबूती से वापसी करने का अवसर देती है।
कार्यक्रम का संयोजन फादर बीजू सेबेस्टियन व विद्यालय के प्रबंधक फादर जिंटो एंटो ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर समस्त विद्यालयों के प्रबंधक व खिलाड़ी मौजूद रहे।
