कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े का समापन जनजातीय महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों के लिए जनजातीय कला, संस्कृति, लोकनृत्य, संगीत, चित्रकला, निबंध, कविता, कहानी लेखन, नाटक, क्विज एवं नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डा. हरिश्चंद्र ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस युवा पीढ़ी को जनजातीय समाज के संघर्ष, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से बिरसा मुंडा जैसे जनजातीय नायकों के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डा. सुरेन्द्र लाल आर्य ने कहा कि जनजातीय समाज की सेवा ही सच्ची राष्ट्र सेवा है। वहीं मुख्य अतिथि प्रभा देवी, अध्यक्ष हिमालय बुक्सा आदिम जनजाति उत्थान समिति पौड़ी जिला इकाई ने बुक्सा जनजाति की संस्कृति, परंपराओं एवं पहचान के संरक्षण पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से समाज के अधिकारों, शिक्षा एवं विकास के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन डा. कविता अहलावत ने किया। समापन पर अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने जनजातीय गौरव, एकता और संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया।
