कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में भारत बोध आईकेएस 2.0 राष्ट्रीय परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई, जिसमें महाविद्यालय में पंजीकृत 33 विद्यार्थियों में से 20 ने प्रतिभाग किया।
शनिवार को विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय ज्ञान परंपरा, भारतीय संस्कृति, चिंतन, विज्ञान, कला एवं ज्ञान विरासत के प्रति समझ और अभिरुचि विकसित करना है। परीक्षा में भारतीय ज्ञान प्रणाली प्रभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ज्ञान भागीदार के रूप में शामिल रहा। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डा. हरिश्चंद्र ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा हमारी अमूल्य विरासत है। इस प्रकार की राष्ट्रीय परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति, विज्ञान और ज्ञान परंपरा से जुड़ने का अवसर मिलता है।

परीक्षा के नोडल अधिकारी डा. दीप सिंह ने बताया कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ किया गया। विद्यार्थियों में भारतीय ज्ञान परंपरा को लेकर उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का प्रयास है कि आगामी वर्षों में अधिक से अधिक विद्यार्थी इस राष्ट्रीय परीक्षा में प्रतिभाग करें। उन्होंने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय, राज्य एवं संस्थागत स्तर पर नकद पुरस्कार के साथ सहभागिता एवं उत्कृष्टता प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
