जयहरीखाल। भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर प्रारंभ हो गया। यह शिविर का राजकीय इंटर कालेज लैंसडाउन (जयहरीखाल) में आयोजित किया जा रहा है।
बुधवार को शिविर का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डा. लवली रानी राजवंशी व उपस्थित अतिथिगणों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस मौके पर स्वयंसेवियों द्वारा ध्येय गीत ‘उठे समाज के लिए उठे उठें, जगें स्वराष्ट्र के लिए जगे जगें’ गाया गया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक की कार्यक्रम अधिकारी डा. अर्चना नौटियाल द्वारा स्वयंसेवकों को ध्येय वाक्य ‘मैं नही, आप’ से परिचित करवाते हुए शिविर के महत्व को बताया गया।
डा. कमल कुमार द्वारा एनएसएस शिविर के महत्व को बताते हुए इसे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के विकास का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने स्वयं सेवकों को समाज सेवा के माध्यम से अपने भीतर नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने को प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डा. लवली रानी राजवंशी ने अपने संबोधन में स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल गतिविधियों तक सीमित नहीं है। बल्कि यह समाज के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक तैयार करता है। उन्होंने स्वयं सेवकों से अपील करते हुए कहा कि वह पूरे समर्पण के साथ शिविर के उद्देश्यों को पूरा करें।
कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य जयहरीखाल शशि बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य सकमुंडा मीना रौतेला, ग्राम प्रधान जहरी प्रगति असवाल, दिनेश पाठक अध्यापक जीआईसी लैंसडाउन, विकास चंद्र प्रभारी प्रधानाचार्य आवासीय विद्यालय द्वारा भी अपने अपने विचार व्यक्त किए गए।
कार्यक्रम के पश्चात समस्त स्वयंसेवकों द्वारा शिविर स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाकर व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से प्रारम्भ किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सह कार्यक्रम अधिकारी डा. अजय रावत द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
