स्वच्छता पखवाड़ा छात्रों को राष्ट्रीय मिशन से जोड़ने का सशक्त माध्यम: प्राचार्य
कोटद्वार। भक्त दर्शन राजकीय महाविद्यालय जयहरीखाल में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर, रंगोली एवं स्लोगन प्रतियोगिताओ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में स्वच्छता, गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा के तहत विभिन्न संकायों के छात्र -छात्राओं ने आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। वाणिज्य संकाय में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों ने गंगा स्वच्छता, नमामि गंगे मिशन, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन पर अपने विचारों को रचनात्मकता के साथ प्रस्तुत किया। वहीं, स्लोगन प्रतियोगिता भी वाणिज्य संकाय में ही सम्पन्न हुई। जिसमें प्रतिभागियों ने गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने वाले सारगर्भित एवं प्रभावशाली स्लोगन प्रस्तुत किए।
उधर, जंतु विज्ञान सभागार में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छ गंगा एवं स्वच्छ भारत थीम पर आधारित आकर्षक रंगोलियां बनायी। निर्णायक मंडल द्वारा समस्त प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डा. लवली रानी राजवंशी ने कहा कि नमामि गंगे मिशन के स्वच्छता पखवाड़ा के तहत आयोजित यह प्रतियोगिताएं छात्रों को राष्ट्रीय मिशन से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। पाठ्यक्रम के साथ साथ इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक दायित्वबोध एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करती हैं। आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को बखूबी दर्शाया है।
कार्यक्रम नोडल अधिकारी वरुण कुमार ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि युवाओं को इस अभियान का सेनानी बनाना है। इन प्रतियोगिताओं ने छात्रों को अपनी प्रतिभा के माध्यम से गंगा स्वच्छता एवं नमामि गंगे मिशन का संदेश जन -जन तक पहुंचाने का मंच प्रदान किया है। उनके द्वारा समस्त प्रतिभागियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, छात्र -छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
