मृतक के शव का खटीमा में होगा पोस्टमार्टम
सितारगंज। केंद्रीय कारागार सितारगंज में एनडीपीएस एक्ट में बारह वर्ष की सजा काट रहे एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तहसीलदार ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार सोनीपत (हरियाणा) निवासी आनंद सिंह (50 वर्ष) पिछले चार वर्षों से केंद्रीय कारागार सितारगंज में बंद था। जेल कर्मचारी नवीन चंद्र के मुताबिक सोमवार दोपहर आनंद सिंह को अचानक लो बीपी और एसिडिटी की शिकायत हुई। इस पर जेल में तैनात फार्मासिस्ट अंकुर ने उसे प्राथमिक उपचार दिया था। हालत में सुधार न होने पर देर रात आनंद सिंह को केंद्रीय कारागार से उप जिला अस्पताल सितारगंज ले जाया गया। लेकिन वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर मंगलवार को मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों के मुताबिक सोमवार को मृतक से उनकी आखिरी बार बातचीत हुई थी। मृतक को पहले कोई गंभीर बीमारी नहीं थी और उसका कहीं कोई इलाज भी नहीं चल रहा था।
सूचना मिलने पर तहसीलदार हिमांशु जोशी ने मृतक का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु खटीमा भेज दिया है। उधर, अस्पताल के सीएमएस डा. कुलदीप यादव ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे कैदी को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
