नशीले पदार्थ बरामद, तस्करी में प्रयुक्त वाहन किए सीज
सितारगंज। जनपद ऊधमसिंह नगर पुलिस अलग अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान छह नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने नशीले पदार्थ व तस्करी में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि बिजटी रोड स्थित थारू बघोरी पुलिया के पास चेकिंग के दौरान दो बाइक सवार युवकों जसनदीप सिंह (22) निवासी ग्राम मुडलिया इलाही बख्श पीलीभीत (उप्र) तथा विपिन कुमार (19) निवासी ग्राम मझोला गिधौर पीलीभीत (उप्र) को तलाशी के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से क्रमशः 4.26 ग्राम व 150 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
वहीं, देर रात्रि सिडकुल चौकी प्रभारी जगत सिंह शाही ने सिडकुल रोड पर संदिग्ध कार को तलाशी के लिए रोका। कार सवार निखिल आर्य (21) निवासी लक्ष्मपुर गोलापार थाना चोरगलिया (नैनीताल), लोकेश कुमार (38) पुत्र निवासी गौलापार बागजाला थाना काठगोदाम (नैनीताल) और सूरज आर्य (45) निवासी नवाड़खेड़ा थाना काठगोदाम (नैनीताल) से 162 ग्राम चरस बरामद हुई। जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति चन्द्रशेखर आर्य (36) निवासी बागजाला गौलापार थाना काठगोदाम (नैनीताल) के कब्जे से 4.26 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमे दर्ज कर नशीले पदार्थों की तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को सीज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैद्यानिक कार्रवाई कार्रवाई की जा रही है।
