फंदे में फंसाकर दो वर्ष पूर्व मारा था गुलदार
कोटद्वार। जनपद की सतपुली थाना पुलिस ने गुलदार की खाल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक थाना सतपुली पुलिस टीम को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पोखरी (दुधारखाल) में एक व्यक्ति के पास गुलदार की खाल है। जिसे वह जल्द ही बेचने के लिए हरियाणा जाने की तैयारी कर रहा है। थानाध्यक्ष सतपुली के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा जानकारी की पुष्टि होने के पश्चात ग्राम पोखरी में दबिश दी गई। पुलिस टीम द्वारा एक व्यक्ति संदीप कुमार धस्माना को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके घर में एक टिन के बाक्स से गुलदार की खाल बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया गया कि उसने लगभग दो वर्ष पूर्व जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था। मृत गुलदार की खाल सुखाकर अपने पास रखी थी। वह अब उसे बेचने की योजना बना रहा था।
सतपुली पुलिस द्वारा आरोपी के विरूद्ध धारा 9/39/50/51 वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैद्यानिक कार्यवाही की जा रही है।
