वन्यजीव हेल्पलाइन 1926 पर तत्काल सूचना देने का आग्रह
पौड़ी। जनपद में गुलदार की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने आमजन के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वह दैनिक जीवन में आवश्यक सावधानियां अपनाकर संभावित जोखिम को कम करें।
प्रभागीय वनाधिकारी गढ़वाल वन प्रभाग महातिम यादव ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वह घरों के आसपास झाड़ियों की नियमित साफ सफाई रखें। जिससे जंगली जानवरों के घर के आसपास छिपने की संभावना कम हो सके। इसके अलावा शाम ढलने के बाद तथा रात्रि के समय घर और आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखें। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को अकेले बाहर न भेजें तथा उनके स्कूल आने जाने के दौरान किसी वयस्क व्यक्ति को साथ भेजें। उन्होंने कहा कि यदि कहीं गुलदार अथवा अन्य जंगली जानवर दिखाई दे तो घबराने के बजाय शांत रहें, शोर न करें और उसके पास जाने का प्रयास बिल्कुल न करें।
प्रभागीय वनाधिकारी यादव ने पालतू पशुओं की सुरक्षा के संबंध में कहा कि उन्हें खुले में छोड़ने के बजाय सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखें। इसके अलावा कूड़ा कचरा खुले में न डालें, क्योंकि इससे जंगली जानवर आकर्षित हो सकते हैं। यादव ने बताया कि जंगली जानवर से अचानक आमना सामना होने की स्थिति में व्यक्ति को घबराने के बजाय संयम बनाए रखना चाहिए। पीठ दिखाकर भागने के बजाय हिम्मत कर धीरे धीरे पीछे हटें और जानवर को उकसाने से बचें। इस दौरान जंगली जानवर की आंखों में सीधे देखने से भी परहेज करें तथा सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ें।
उन्होंने कहा कि किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना वन विभाग के हेल्पलाइन नम्बर 1926 पर तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
