जयहरीखाल। भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवकों द्वारा सफाई अभियान चलाया गया। वहीं, शिविर में स्वयंसेवकों को तकनीकी कैशलों से अवगत कराया गया।
प्रथम पाली में स्वयंसेवकों ने राजकीय इंटर कालेज लैंसडाउन जयहरीखाल एवं अभिनव आवासीय विद्यालय के आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान लंबे समय से बंद पड़ी नालियों की सफाई की गई। इसके अलावा जयहरीखाल स्थित पानी आपूर्ति टैंक के बाहरी क्षेत्र में फैले प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
दोपहर बाद आयोजित बौद्धिक सत्र में महाविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डा. कमल कुमार द्वारा स्वयंसेवकों को आधुनिक तकनीकी कौशलों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने इंफोसिस के स्प्रिंग बोर्ड प्लेटफार्म तथा नेशनल एसोसिएशन आफ साफ्टवेयर एंड सर्विस कंपनीज के फ्यूचर स्किल प्राइम पोर्टल पर उपलब्ध आनलाइन स्किल कोर्सेज की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त सत्र में एआई और उससे जुड़े विभिन्न आनलाइन टूल्स पर भी चर्चा की गई। जिससे स्वयंसेवकों को डिजिटल युग में आवश्यक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
