अल्मोड़ा। जिला रेडक्रास सोसाइटी की बैठक जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जरूरतमंदों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु विचार विमर्श कर अहम निर्णय लिए गए।
आयोजित बैठक में रेडक्रास के माध्यम से स्ट्रेचर, शव वाहन, व्हील चेयर और एम्बुलेंस क्रय करने का प्रस्ताव रखा गया। जिसे जिलाधिकारी द्वारा विचार विमर्श के उपरांत सहमति प्रदान की गई। बैठक में समाज कल्याण विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों तक रेडक्रास की सेवाएं पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में तय किया गया कि ब्लाक स्तर पर गठित रेडक्रास सोसाइटी के सदस्यों को आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिससे आपदा की स्थिति में रेडक्रास की भूमिका और अधिक सशक्त हो सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि रेडक्रास सोसाइटी समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए जरूरतमंदों तक त्वरित सहायता पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में रेडक्रास सोसाइटी के चेयरमैन आशीष वर्मा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. योगेश पुरोहित, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल तथा यूथ रेडक्रास चेयरमैन अमित शाह सहित अन्य पदाधिकारी व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
