कोटद्वार। अंतराष्ट्रीय जल दिवस के अवसर पर भक्त दर्शन राजकीय महाविद्यालय जयहरीखाल की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयं सेवकों द्वारा विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वयं सेवियों ने पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों की स्वच्छता को केंद्र में रखते हुए सक्रिय भागीदारी निभाई
राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के पांचवे दिन स्वयंसेवियों द्वारा पहले सत्र में मधुगंगा नदी में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नदी के किनारों पर फैले ठोस अपशिष्ट जैसे कांच की बोतलें, प्लास्टिक, पॉलिथीन आदि को एकत्रित कर नदी के प्रवाह से दूर गड्ढों में सुरक्षित रूप से डाला गया। जिससे जल को प्रदूषित होने से रोका जा सके। इसके पश्चात स्वयंसेवियों द्वारा स्थानीय ग्रामीणों के साथ नदी की स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक कर भविष्य में भी इस प्रकार के प्रयासों में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, दूसरे सत्र में स्वच्छता ही सेवा विषय पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश के लिए पोस्टर निर्माण गतिविधि आयोजित की गई। जिसमें स्वयंसेवियों द्वारा अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए प्लास्टिक मुक्त भारत, स्वच्छता और स्वास्थ्य तथा जल स्रोत जीवन का आधार जैसे विषयों पर आकर्षक पोस्टर तैयार किये गए।
