एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा हुआ फरार
आरोपियों भाईयों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज
कोटद्वार। आम पड़ाव क्षेत्र में डीजे बंद करवाने के दौरान हुए विवाद में दो सगे भाइयों ने पुलिस टीम पर हमला कर पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया है। जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार ईद की रात्रि पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि आमपड़ाव क्षेत्र में तेज आवाज में डीजे बजाकर कुछ युवक नाच गाना कर उत्पात मचा रहे हैं। जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी विनोद चपराना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा युवकों को समझाते हुए डीजे बंद कर सड़क खाली करने हेतु कहा गया।
पुलिस के समझाने पर दो युवक अभद्रता करते हुए पुलिस टीम से उलझ पड़े। उनमें से एक युवक ने पुलिस टीम पर सरिए से हमला कर मौके पर खड़े पुलिस वाहन के शीशे तोड़ दिए। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई कर एक युवक को मौके से हिरासत में लिया गया। जबकि दूसरा युवक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि हमला करने वाले दोनों आरोपी सगे भाई हैं। कोतवाली में दोनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 109,132, 353, 351, 352(2) बीएनएस एवं धारा 3 उत्तराखण्ड लोक सम्पत्ति निवारण अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद शाहिद पुत्र मोहम्मद कलवा निवासी आमपड़ाव को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक वैद्यानिक कार्रवाई की जा रही है जबकि फरार आरोपी मोहम्मद साहिद पुत्र मोहम्मद कलवा निवासी आमपड़ाव कोटद्वार की तलाश में दबिश दी जा रही है। इस मामले की जांच दुगड्डा चौकी प्रभारी किशन दत्त शर्मा को सौंपी गई है।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक विनोद चपराना, उप निरीक्षक राजाराम, मुख्य आरक्षी दीपक मेवाड़ व मुख्य आरक्षी करण यादव शामिल थे।
