कोटद्वार। भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल की नमामि गंगे इकाई द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय व गुमखाल बाजार में नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर स्थानीय ग्रामीणों को स्वच्छता के जागरूक करने का प्रयास किया गया।
सोमवार को महाविद्यालय की नमामि गंगे टीम के सदस्यों द्वारा प्राथमिक विद्यालय गुमखाल व बाजार में नुक्कड़ नाटक कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस मौके पर महाविद्यालय की टीम ने स्थानीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें और राष्ट्रीय स्वच्छता मिशन के इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डा. लवली रानी राजवंशी ने इस आयोजन को जन जागरूकता की दृष्टि से अहम बताते हुए कहा कि गंगा केवल एक नदी ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना है। स्वच्छता पखवाड़ा जैसे आयोजन न केवल गंगा की स्वच्छता के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की नींव भी रखते हैं। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय की अध्यापिकाओं, छात्र छात्राओं, व्यवसायियों, यात्रियों सहित स्थानीय ग्रामीणों द्वारा इस सांस्कृतिक प्रस्तुति की सराहना की गई।
कार्यक्रम के नोडल वरुण कुमार ने बताया कि नुक्कड़ नाटक का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना एवं गंगा नदी की स्वच्छता में जनभागीदारी सुनिश्चित करना था। उन्होंने कहा कि युवाओं के माध्यम से ग्रामीण परिवेश में स्वच्छता का संदेश पहुंचाने की यह पहल सराहनीय है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डा. बीरेंद्र सैनी, डा. प्रीति रावत, डा. विनीता देवी, डा. शुऐब अजीम अंसारी तथा प्रयोगशाला सहायक हिमानी धीमान आदि मौजूद रहे।
