एक आरोपी को पुलिस पहले ही भेज चुकी है जेल
कोटद्वार। नगर के आमपड़ाव क्षेत्र में ईद की रात्रि पुलिस टीम पर हुए हमले के दूसरे आरोपी को पुलिस ने धर दबोच कर जेल भेज दिया है। इस मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
गौरतलब है कि गत 21 मार्च शनिवार की रात्रि पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि आमपड़ाव क्षेत्र में कुछ युवक सड़क पर डीजे लगाकर तेज शोर शराबा कर रहे हैं। जिससे आमजन को असुविधा हो रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवकों को समझाने का प्रयास किया गया। इस दौरान दो युवकों मोहम्मद शाहिद एवं मोहम्मद आकिब उर्फ गबरू द्वारा अभद्र व्यवहार करते हुए पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए मौके से एक आरोपी मोहम्मद शाहिद को हिरासत में लिया गया। जबकि उसका भाई मोहम्मद आकिब उर्फ गबरू अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 132, 353, 351, 352(2) बीएनएस एवं धारा 03 उत्तराखण्ड लोक सम्पत्ति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर दबिश देकर आरोपी मोहम्मद आकिब उर्फ गबरू पुत्र मोहम्मद कलवा निवासी आमपड़ाव को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर पौड़ी जेल भेज दिया है।
पुलिस टीम में बाजार चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विनोद चपराना, मुख्य आरक्षी कारण यादव व आरक्षी कुलदीप शामिल थे।
