कोटद्वार। पूर्व काबीना सुरेन्द्र सिंह नेगी ने प्रदेश में फैली अव्यवस्थाओं व बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने ऐसे उत्तराखंड राज्य की कल्पना नहीं की थी। उन्होंने प्रदेश सरकार को चेताते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए ईमानदारी से ठोस पहल की जाए।
देवी रोड़ स्थित एक होटल में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि आज उत्तराखंड जिन परिस्थितियों से गुजर रहा है राज्य आंदोलनकारियों ने उसकी कल्पना कभी नहीं की थी। उन्होंने गत दिनों कोटद्वार के एक निजी विद्यालय के छात्र की नशे के कारण हुई मृत्यु पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शासन प्रशासन प्रदेश में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने में क्यों असफल साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे -छोटे बच्चों और स्कूली छात्रों तक नशीले पदार्थ पहुंचना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है तथा इस अवैध कारोबार के पीछे जो भी लोग शामिल हैं, उनके विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने उत्तराखंड में महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराधों पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने रैतपुर (सतपुली) में पुलिस प्रताड़ना से आहत होकर युवक द्वारा आत्महत्या, चंपावत में नाबालिग के साथ हुई घटना तथा अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित अन्य बेटियों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं से देवभूमि की पहचान लगातार धूमिल हो रही है।
पूर्व काबीना मंत्री नेगी ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा चुकी हैं। पहाड़ों से लगातार पलायन हो रहा है। युवाओं के सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा है। उन्होंने अग्निवीर योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस योजना ने सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सपना देखने वाले लाखों युवाओं की उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचाया है। इस दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं सैन्य परिवारों से जुड़े पेंशन संबंधी मुद्दों को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर चिंता व्यक्त की।
उन्होंने प्रदेश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया। वहीं कोटद्वार की स्थानीय समस्याओं जैसे बदहाल सड़कें, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, आवारा पशुओं का आतंक, पेयजल संकट, बिजली व्यवस्था की खामियां व नगर निगम द्वारा भेजे जा रहे आवासीय संपत्ति कर नोटिस सहित अन्य नागरिक समस्याओं पर भी प्रदेश सरकार को जमकर घेरा।
पूर्व काबीना मंत्री नेगी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए लाखों लोगों ने आंदोलन किया था। जिसमें अनेक राज्य आंदोलनकारी शहीद हुए थे। लेकिन आज उत्तराखंड में अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पलायन और अव्यवस्थाएं चरम पर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार जनता के साथ मिलकर संघर्ष कर रही है।
पत्रकार वार्ता में डा. चन्द्रमोहन खर्कवाल, ठाकुर विजय नारायण सिंह, मीना बछवाण आदि का कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
