नाराज होकर घर छोड़ दिया, पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द किया
कोटद्वार। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की कोटद्वार इकाई ने लावारिस हालत में भटक रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। पुलिस के मुताबिक उक्त बुजुर्ग व्यक्ति पारिवारिक विवाद के चलते नाराज होकर घर से चुपचाप निकल गया था।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक विगत 6 मई को सिद्धबली मंदिर क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात महिला होमगार्ड मंजू द्वारा असहाय व मानसिक रूप से परेशान एक बुजुर्ग व्यक्ति को लावारिस अवस्था में घूमते हुए देखा गया। महिला होमगार्ड द्वारा तत्काल इसकी सूचना कोतवाली स्थित एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को दी गई। तत्काल मौके पर पहुंची एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग की टीम द्वारा बुजुर्ग व्यक्ति को एएचटीयू कार्यालय में लाया गया। जहां बातचीत में बुजुर्ग व्यक्ति ने पुलिस टीम को अपना नाम कल्याण सिंह निवासी नजीबाबाद जनपद बिजनौर (उप्र) बताते हुए कहा कि पारिवारिक विवाद के चलते वह बिना किसी को बताए घर से चुपचाप निकल गए थे। वह पिछले कुछ समय से वह कोटद्वार क्षेत्र में भटक रहे थे।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग की टीम द्वारा तत्काल नजीबाबाद पुलिस से बुजुर्ग के परिजनों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर संपर्क किया गया। सूचना मिलने पर कोतवाली कोटद्वार में परिजनों संग पहुंची बुजुर्ग की पत्नी द्वारा बताया कि परिजनों द्वारा लगातार उनके पति की खोजबीन की जा रही थी। जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना नजीबाबाद में दर्ज कराई गई थी। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट द्वारा काउंसलिंग के उपरांत बुजुर्ग कल्याण सिंह को सकुशल उनकी पत्नी के सुपुर्द किया गया।
पुलिस टीम में महिला उप निरीक्षक सुमन लता, महिला आरक्षी विद्या मेहता, होमगार्ड, महिला होमगार्ड मंजू तथा होमगार्ड वाजिद शामिल थे।
