मालन धाम व उद्यान विभाग में विधानसभा अध्यक्ष ने किया पौधारोपण
कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने हरेला पर्व के शुभ अवसर पर मालन नदी तट स्थित मालन धाम में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर पौधा रोपण किया। यह कार्यक्रम वन विभाग एवं वीर चंद्र सिंह गढ़वाली भाबर मंडल भाजपा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था।

गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ऋतु खण्डूडी भूषण ने शीशम का पौधा रोपित कर किया। अपने संबोधन में ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की लोक संस्कृति, प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक पर्व है। हमारी परंपराओं में वृक्षों और प्रकृति को देवतुल्य माना गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धरती ने विश्व प्रसिद्ध चिपको आंदोलन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का ऐसा संदेश दिया, जिसने आज पूरी दुनिया को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर इन पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि जल संरक्षण, स्वच्छ वायु और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व हमें प्रकृति के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने हरेला पर्व के अवसर पर आज सुबह अपने निंबूचौड़ स्थित आवास पर भी पौधा रोपण किया था।
इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक सुशांत कुमार पटनायक, प्रभागीय वनाधिकारी लैंसडौन जीवन मोहन, मंडल अध्यक्ष आशीष रावत, वन विभाग के अधिकारी तथा भाजपा कार्यकर्ताओं समेत स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
वहीं, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने ग्रास्टनगंज में उद्यान विभाग द्वारा आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरेला उत्तराखंड की लोक संस्कृति, प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक पर्व है। वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलन बना रहता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य का मार्ग भी प्रशस्त होता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

विधानसभा अध्यक्ष द्वारा कार्यक्रम स्थल पर उद्यान विभाग द्वारा संचालित ग्राफ्टिंग (कलमबंदी) कार्यों का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने बताया कि इस तकनीक के माध्यम से विभिन्न प्रकार के फलदार वृक्षों के उन्नत पौधे तैयार किए जा रहे हैं, जिससे किसानों और बागवानों को बेहतर गुणवत्ता के पौधे उपलब्ध होंगे तथा उद्यानिकी को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने उद्यान विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे स्थानीय स्वरोजगार और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में पार्षद जेपी ध्यानी, कुंज बिहारी भट्ट, अरविंद शर्मा, डा. प्रशांत राठौर, अंकिता भट्ट सहित उद्यान विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
