प्राचार्य ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, शिक्षकों व विद्यार्थियों ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प
कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए हरेला पर्व बड़े उत्साह व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन कर फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डा. हरिश्चंद्र द्वारा पौधारोपण करके किया गया। अपने संबोधन में प्राचार्य ने कहा कि हरेला पर्व हमें प्रकृति से जोड़ने, पर्यावरण की रक्षा करने और पृथ्वी को हरा भरा रखने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण की समस्या से बचने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में पीपल, आम, अशोक एवं अन्य फलदार व छायादार अनेक पौधे रोपित किए। पौधारोपण के उपरांत सभी शिक्षकों व कर्मचारियों ने पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल का संकल्प लिया। इस मौके पर प्राध्यापकों ने छात्रों को भी पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूक किया।
पौधारोपण कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी व विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
