हल्दूखाता तल्ला में प्रस्तावित उपकेंद्र होगा प्रदेश का चौथा सबसे बड़ा, सिगड्ड़ी ग्रोथ सेंटर को मिलेगा लाभ
कोटद्वार। पौड़ी जनपद की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कोटद्वार के हल्दुखाता तल्ला में 400 केवी क्षमता का विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की योजना है। करीब 675 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित यह उपकेंद्र प्रदेश का चौथा सबसे बड़ा विद्युत उपकेंद्र होगा। विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण की पहल पर परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जिसके लिए संबंधित विभागों की संस्तुतियां भी प्राप्त हो चुकी हैं।
वर्तमान में कोटद्वार क्षेत्र को सतपुली स्थित विद्युत उपकेंद्र से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। हल्दुखाता तल्ला में नया उपकेंद्र बनने से कोटद्वार समेत पौड़ी जनपद की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता और क्षमता में सुधार होगा। साथ ही भविष्य में बढ़ने वाली बिजली की मांग को पूरा करने में भी मदद मिलेगी। प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र से सिगड्ड़ी ग्रोथ सेंटर को विशेष लाभ मिलने की संभावना है। औद्योगिक क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में इससे मदद मिलेगी। बिजली व्यवस्था बेहतर होने से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।
विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण के माध्यम से इस परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। विभिन्न संबंधित विभागों की संस्तुतियां मिलने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में पहल की गई है। परियोजना को कोटद्वार और पौड़ी जनपद की भविष्य की विद्युत जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि कोटद्वार का सर्वांगीण विकास और क्षेत्रवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। 400 केवी उपकेंद्र की स्थापना से लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। इसके अलावा सिगड्ड़ी ग्रोथ सेंटर समेत पूरे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा कोटद्वार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
