घराट के निकट दयनीय हालत में मिला था छत्तीसगढ़ का युवक
कोटद्वार। एंटी ह्यूमन ट्रैफकिंग यूनिट ने घराट रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास असहाय हालत में घूम रहे युवक को रेस्क्यू कर प्रेमधाम आश्रम नजीबाबाद में दाखिल कराया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफकिंग यूनिट द्वारा युवक के परिजनों की तलाश की जा रही है।

शनिवार को स्थानीय वरिष्ठ अधिवक्ता बीएम गौड़ की सूचना पर एंटी ह्यूमन ट्रैफकिंग यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्रीय पार्षद व स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। टीम द्वारा युवक के बाल कटवाकर उसे नहलाने के बाद नए कपड़े पहनाए। पूछताछ में युवक ने अपना नाम राजकुमार (30 वर्ष) निवासी छत्तीसगढ़ बताया। टीम द्वारा बेस अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे उचित देखरेख के लिए प्रेमधाम आश्रम में दाखिल कराया गया।

उधर, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम के द्वारा अब युवक के परिजनों की तलाश शुरू कर दी गई है। टीम द्वारा उसकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए हैं। रेस्क्यू टीम में आरक्षी प्रेम सिंह, आरक्षी सत्येंद्र लखेडा, होमगार्ड वाजिद, पार्षद नेत्र मोहन असवाल और स्थानीय नागरिक शामिल रहे।
