नवप्रवेशित विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, अध्ययन सामग्री और परीक्षा संबंधी प्रक्रियाओं की दी जानकारी
कोटद्वार। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय हल्द्वानी के अध्ययन केंद्र राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में सत्र 2026 -27 (जुलाई सत्र) के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

शनिवार को महाविद्यालय के विज्ञान संकाय स्थित स्मार्ट कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में अध्ययन केंद्र के समन्वयक डा. अशोक कुमार मित्तल और सह -समन्वयक डा. वीके सैनी द्वारा विद्यार्थियों को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रमों और अध्ययन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न कार्यक्रमों और पाठ्यक्रमों का विवरण आधिकारिक वेबसाइट uou.ac.in पर उपलब्ध है। विद्यार्थी आनलाइन पोर्टल पर लागिन कर अध्ययन सामग्री और वीडियो व्याख्यान प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने असाइनमेंट एवं सत्रीय कार्य निर्धारित समय पर आनलाइन या आफलाइन जमा करने की अनिवार्यता भी बताई। इसके अलावा परामर्श कक्षाओं और प्रायोगिक परीक्षाओं से संबंधित सूचनाएं अध्ययन केंद्र के माध्यम से समय -समय पर उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में आशीष कुमार ने विद्यार्थियों को स्टूडेंट वन व्यू टैब की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से विद्यार्थी अपने पाठ्यक्रम से संबंधित अध्ययन सामग्री और पुराने प्रश्नपत्र आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डा. हरिश्चंद्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विश्वविद्यालय का लचीला और सुलभ शिक्षण माडल विद्यार्थियों को अपनी सुविधानुसार अध्ययन करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय महिलाओं, जनजातीय समुदायों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। रोजगारपरक एवं नवाचारी पाठ्यक्रमों के माध्यम से बदलती शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान कर उन्हें विश्वविद्यालय और अध्ययन केंद्र के हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में बीए, बीकाम तथा एमए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
