लखनऊ। उत्तराखंड महापरिषद के एक शिष्टमंडल ने हरेला पर्व के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुलाकात कर उन्हें हरेला स्वरूप पौधा भेंट किया। इस मौके पर शिष्टमंडल द्वारा मुख्यमंत्री योगी की दीर्घायु व प्रदेश की उन्नति की मंगलकामना की गई।

महापरिषद के अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने हरियाली के प्रतीक उत्तराखंड के लोक पर्व हरेला के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें हरेला स्वरूप पौधा भेंट किया। इस अवसर पर शिष्टमंडल द्वारा मुख्यमंत्री योगी के स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं नेतृत्व की मंगलकामना करते हुए उत्तर प्रदेश को विकास, सुशासन, समृद्धि और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।

प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्यमंत्री योगी से पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखंड समाज के कार्यक्रम आयोजित करवाने के संबंध में पुनः निवेदन किया गया। जिस पर मुख्यमंत्री योगी द्वारा प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया गया कि उत्तराखंड समाज के कार्यक्रम हमेशा सांस्कृतिक उपवन पर आयोजित होते रहेंगे।
शिष्टमंडल में महापरिषद के संयोजक दीवान सिंह अधिकारी, महासचिव भरत सिंह बिष्ट, सांस्कृतिक सचिव महेन्द्र गैलाकोटी, अध्यक्ष महिला शाखा पुष्पा वैष्णव व कु. हिमानी रावत मौजूद रहे।
