तीन विभूतियों को विभिन्न स्मृति सम्मानों से किया गया सम्मानित, पहाड़ी उत्पादों की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
लखनऊ। उत्तराखंड महोत्सव के पंचम दिवस पर संस्कृति, परंपरा और लोककलाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। इस अवसर पर साहित्य एवं लोकसंस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली तीन विभूतियों को विभिन्न स्मृति सम्मानों से सम्मानित किया गया। वहीं, महोत्सव में लगे विभिन्न स्टालों पर पहाड़ी उत्पादों की खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

शुक्रवार को महोत्सव में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह एवं क्षेत्रीय पार्षद प्रमोद राजन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उत्तराखंड महापरिषद के पदाधिकारियों ने समस्त अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए उत्तराखंड महापरिषद के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों के माध्यम से लोगों को विभिन्न प्रदेशों की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं से रूबरू होने का अवसर मिलता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण बताया।

समारोह में कौस्तुभानंद चंदोला को शैलेश मटियानी स्मृति सम्मान -2026, सुरेंद्र राजेश्वरी को चंद्र सिंह राही स्मृति सम्मान -2026 तथा राजेंद्र सिंह कनवाल को हरिदत्त पांडेय स्मृति सम्मान प्रदान किया गया।

महोत्सव के मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह कनवाल ने बताया कि मेले में उत्तराखंड के पारंपरिक एवं प्रसिद्ध उत्पादों के स्टाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां बाल मिठाई, सिंगोड़ी, बुरांश का जूस, पहाड़ी दालें, मसाले, पारंपरिक परिधान व आभूषण सहित अनेक स्थानीय उत्पाद उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव में आए लोग स्टालों में इन उत्पादों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में आयोजित एकल गायन प्रतियोगिता में पंद्रह प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में आध्या सिंह ने प्रथम, रेनुलता कौल ने द्वितीय तथा कृष्णा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


इसके अतिरिक्त संस्कृति विभाग, देहरादून (उत्तराखंड) एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विशेष रूप से महिला एवं पुरुषों के पारंपरिक झोड़ा नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकगीतों की धुन पर दर्शक भी झूमने को मजबूर हो गए।
