कोटद्वार। पुलिस ने चाकू से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपी सगे भाई हैं।
पुलिस के अनुसार काशीरामपुर निवासी एक महिला ने तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र लकड़ी पड़ाव स्थित सिद्धबली पब्लिक स्कूल के समीप आयोजित मेले में गया हुआ था। मेले में किसी बात को लेकर उसका वहां मौजूद दो युवकों के साथ विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों द्वारा चाकू से उसके पुत्र पर जानलेवा हमला किया गया। जिससे उसके पुत्र की गर्दन, गले एवं सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा 109 एवं 351(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आरोपी युवकों की तलाश शुरू कर दी थी।
शहर कोतवाल प्रदीप नेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा पूछताछ के उपरांत घटना में शामिल दो आरोपियों को काशीरामपुर तल्ला से गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया। कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि दोनों आरोपी मयंक (20) एवं प्रवीण (19) पुत्र राकेश कुमार निवासी काशीरामपुर तल्ला सगे भाई हैं। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।
