आरोपियों की निशानदेही पर जेवरात सहित घटना में प्रयुक्त वाहन एवं आलानकब बरामद
कोटद्वार। पुलिस व सीआईयू की टीम ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर सोने चांदी के जेवरात, कपड़े समेत घटना में प्रयुक्त वाहन व आलानकब बरामद किया है।
शहर कोतवाल प्रदीप नेगी के अनुसार स्थानीय निवासी प्राची रावत ने तहरीर देकर बताया कि वह दो अगस्त को अपनी मां को छोडने गयी थी। इस दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का ताला तोड़कर जेवरात व अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर धारा- 305 (ए) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
कोतवाल प्रदीप नेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों द्वारा सुरागरसी के उपरांत चोरी की घटना में संलिप्त तीन शातिर आरोपियों अरुण (23 वर्ष) पुत्र राजाराम निवासी अमरोहा (उत्तर प्रदेश), रिहान (22 वर्ष) पुत्र अशरफ निवासी संभल सराय (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी दिल्ली तथा राहत अली (35 वर्ष) पुत्र नन्हे निवासी दिल्ली को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस टीम द्वारा चोरी का एक मंगल सूत्र, एक सोने की अगूठी, दो चांदी की चेन तथा तीन जोडी चांदी की पाजेब, अटैची व कपडे सहित चोरी की घटना में प्रयुक्त स्कूटी संख्या यूके15 /ई 2061 तथा आलानकब बरामद किया।
कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि इस गिरोह के सरगना राहत अली के विरुद्ध दिल्ली में विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। यह गिरोह घरों की रैकी कर मौका मिलने पर चोरी की घटना को अंजाम देता था। उन्होंने बताया कि इस मामले में धारा 331(3), 317(2) व 3(5) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैद्यानिक कार्यवाही के उपरांत जेल भेज दिया गया है।
