कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए परिचय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक माहौल, नियमों व पाठ्यक्रम से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए वरिष्ठ प्राध्यापक डा. मणिकांत शाह द्वारा सभी नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डा. भगवत रावत द्वारा नव प्रवेशित विद्यार्थियों को एनईपी शिक्षा प्रणाली के संदर्भ मे विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान सभी विभागाध्यक्षों द्वारा अपने -अपने विषयों की विस्तृत जानकारी दी।

वहीं, महाविद्यालय के परीक्षा प्रभारी द्वारा विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के परीक्षा प्रारूप, आंतरिक मूल्यांकन, प्रयोगात्मक व सैद्धांतिक परीक्षा के अंक विभाजन के बारे में विस्तार से समझाते हुए वाचनालय, कंप्यूटर कक्ष, रोवर रेंजर, खेलकूद और छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी गई।
प्राचार्य प्रो. हरीश चंद्र ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम, निर्धारित उपस्थिति और उच्च शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा आशा व्यक्त की गई कि यह परिचय कार्यक्रम विद्यार्थियों को नए सत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में मदद करेगा।
