कोटद्वार। वीरांगना तीलू रौतेली की 365वीं जयंती के अवसर पर तीलू रौतेली विचार मंच द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वीरांगना तीलू रौतेली की प्रतिमा में पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर भारतीय डाक विभाग द्वारा वीरांगना तीलू रौतेली के सम्मान में डाक टिकट और विशेष आवरण का विमोचन किया गया।
वीरांगना तीलू रौतेली चौक में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों समेत अन्य लोगों द्वारा वीरांगना की प्रतिमा में पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, शौर्य और मातृभूमि के प्रति समर्पण को नमन किया गया। इस मौके पर मौजूद महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि तीलू रौतेली का साहस और वीरता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। भारत सरकार द्वारा वीरांगना तीलू रौतेली के नाम पर डाक टिकट जारी किया जाना उत्तराखंड की वीरांगना के सम्मान में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि डाक टिकट के माध्यम से देश भर में वीरांगना तीलू रौतेली की वीरगाथा और उनके योगदान को पहचान मिलेगी और युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में मौजूद पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि वीरांगना तीलू रौतेली जी का जीवन उत्तराखंड की वीर परंपरा, नारी शक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अद्वितीय प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में अपने परिवार और अपनों को खोने के बाद जिस साहस के साथ तीलू रौतेली ने परिस्थितियों का सामना किया था, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली जैसी वीरांगनाओं की गाथा केवल समारोहों तक सीमित न रहकर विद्यालयों, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
पूर्व महापौर हेमलता नेगी ने वीरांगना तीलू रौतेली को नमन करते हुए कहा कि तीलू रौतेली का व्यक्तित्व उत्तराखंड की नारी शक्ति और, आत्मसम्मान की अद्भुत पहचान है। उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली ने जिस उम्र में आज की बेटियां अपने भविष्य के सपने देखना शुरू करती हैं, उस उम्र में उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए तलवार उठा ली थी। उनका अदम्य साहस और संघर्ष आज की बेटियों को आत्मविश्वास, स्वाभिमान और अपने अधिकारों के लिए खड़े होने की प्रेरणा देता है।
इस दौरान भारतीय डाक विभाग द्वारा तीलू रौतेली की स्मृति और उनकी वीरगाथा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डाक टिकट और विशेष आवरण (लिफाफा) का विमोचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अनेक लोग मौजूद थे।
