सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं के अलावा खानपान के सजेंगे स्टाल
कोटद्वार। भारतीय गोर्खाली समाज सेवा समिति द्वारा हरितालिका तीज महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इस मेले में गोर्खाली संस्कृति की सतरंगी छटा देखने को मिलेगी। यह कार्यक्रम आगामी माह प्रथम सप्ताह आयोजित किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी व सदस्य तैयारियों में जुट गए हैं।
समिति के अध्यक्ष सुरेश गुरुंग व सचिव नारायण थापा ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि आगामी माह छह सितंबर को कुंभीचौड़ स्थित एक बारात घर में महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में मुख्य आकर्षण तीज क्वीन, पारंपरिक गोरखाली परिधान प्रदर्शन, लोक कला गतिविधियां समेत रंगारंग संस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही महोत्सव में गोर्खाली व्यंजनों, परिधानों व आभूषणों से जुड़े अन्य स्टाल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
उन्होंने हरतालिका तीज उत्सव की जानकारी देते हुए बताया कि यह पर्व जीवन की खुशहाली के अलावा पति के सौभाग्य और दीर्घायु की कामना करने का होता है। इसके साथ ही परिवार की सुख, शांति के रूप में स्त्रियों द्वारा मांगलिक अनुष्ठान के रूप में यह पर्व मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि समिति प्रत्येक वर्ष इस महोत्सव को बड़े ही धूमधाम से मनाती आ रही है।

