बीईएल के सीएसआर फंड से कोटद्वार बेस अस्पताल में स्थापित हुई मैमोग्राफी जांच मशीन
कोटद्वार। चन्द्रमोहन सिंह नेगी राजकीय बेस अस्पताल में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने सामाजिक उत्तरदायित्व निधि (सीएसआर फंड) के सहयोग से मैमोग्राफी जांच मशीन स्थापित की है। इस मैमोग्राफी सेंटर का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने रिबन काटकर किया। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र व आसपास की महिलाओं को स्तन कैंसर की समय पर जांच और उपचार मिल सकेगा।

सोमवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। जिसके लिए वह प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि चंद्रमोहन सिंह नेगी बेस चिकित्सालय क्षेत्र का प्रमुख राजकीय चिकित्सालय है, यहां आधुनिक चिकित्सा उपकरणों एवं जांच सुविधाओं का विस्तार होने से कोटद्वार तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर के बढ़ते मामलों को देखकर वह मैमोग्राफी की इस सुविधा को शुरू करने के लिए प्रयासरत थीं। उन्होंने कहा कि मैमोग्राफी जांच सुविधा के माध्यम से महिलाओं में स्तन कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में ही पहचान हो सकेगी और समय रहते आवश्यक परामर्श व उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के निदेशक अम्बरीश त्रिपाठी ने कहा कि उन्होंने सीएसआर फंड से यह मैमोग्राफी मशीन स्थापित करवायी है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड द्वारा विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण के अनुरोध पर कोटद्वार में डेढ़ हजार स्ट्रीट लाइटें, प्रमुख चौराहों पर हाईटेक निगरानी कैमरे, झण्डीचौड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसूति गृह तथा बेस चिकित्सालय में शौचालय सहित विभिन्न जनोपयोगी कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत जनहित से जुड़े कार्यों को आगे भी प्राथमिकता दी जाएगी।

वहीं, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक विजय सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में अकेले बेस अस्पताल कोटद्वार में मैमोग्राफी प्रयोगशाला शुरू हुई है।
उन्होंने कहा कि मैमोग्राफी सुविधा उपलब्ध होने से महिलाओं को समय पर चिकित्सकीय परामर्श व आवश्यक उपचार प्राप्त होगा।

इस अवसर पर भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, कोटद्वार के निदेशक अम्बरीश त्रिपाठी, महाप्रबंधक रविंद्र नाथ पांडेय, एजीएम अनिल गुप्ता, सीजीएम राजेंद्र अग्रवाल, सीनियर डीजीएम अनुराग कुकरेती, अखिल भारद्वाज, अनुराग शर्मा, रेखा शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक विजय सिंह आदि उपस्थित रहे।
