पौड़ी। जिला पूर्ति अधिकारी ने एलपीजी उपभोक्ताओं से निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय से ई केवाईसी करवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनपद में अभी तक 78 फीसदी उपभोक्ताओं की ई केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है।
जनपद में इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुल 2,31,350 घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं में से 1,82,370 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी हो चुकी है। इनमें आईओसीएल के 1,21,756, बीपीसीएल के 37,593 तथा एचपीसीएल के 23,021 उपभोक्ता शामिल हैं। वहीं, कुल 25,555 पीएमयूवाई उपभोक्ताओं में से 22,414 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है।
जिला प्रशासन ने शेष उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि वह अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर ई -केवाईसी की प्रक्रिया एवं आगे की व्यवस्था की जानकारी प्राप्त करें। प्रशासन द्वारा उपभोक्ताओं से अधिकृत माध्यमों से ही जानकारी प्राप्त करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद में ई -केवाईसी का कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है। शेष उपभोक्ताओं की ई -केवाईसी के संबंध में संबंधित तेल कंपनियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से ई -केवाईसी पूरी करने तथा किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क करने की अपील की है।
