कार्यक्रम में विद्यार्थियों को दिया स्वरोजगार का मंत्र
कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी कोटद्वार में देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय उद्यमिता अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार और स्टार्टअप के प्रति प्रेरित व जागरूक करना था।

शुक्रवार को महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफेसर हरीश चन्द्र द्वारा की गयी। प्राचार्य प्रो. हरिश्चंद्र जी ने अपने संबोधन में कहा कि आज का युग नौकरी मांगने का नहीं, नौकरी देने का है। देवभूमि उद्यमिता योजना जैसी योजनाएं हमारे विद्यार्थियों को अपने पैरों पर खड़ा होने और उत्तराखंड के विकास में योगदान देने का सुनहरा अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन का अपने युवा विद्यार्थियों की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास रहेगा। जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी इस योजना का लाभ उठाकर स्टार्टअप और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ें।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता रजत शर्मा असिस्टेंट प्रोफेसर ईडीआईआई अहमदाबाद ने विद्यार्थियों को उद्यमिता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए स्वरोजगार और स्टार्टअप की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों में अभिरुचि विकसित करने पर बल देते हुए बताया कि देवभूमि उद्यमिता योजना उत्तराखंड सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है। इस योजना के माध्यम से राज्य सरकार इच्छुक विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं परामर्श देकर उन्हें आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना चाहती है। कार्यक्रम के अंत में आगामी तीन दिवसीय रेजिडेंशियल बूट कैंप के लिए चयन हेतु टेस्ट भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की देवभूमि उद्यमिता योजना नोडल अधिकारी डा. कविता अहलावत द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी वर्ग एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

