कोटद्वार। नौकरी का झांसा देकर 18 लाख रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर -जमानती वारंट जारी हुआ था।
स्थानीय मौहल्ला जौनपुर निवासी सूर्यकांत बलूनी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि हरिद्वार निवासी प्रदीप सैनी ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे 18 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। समय बीतने के बाद भी आरोपी ने उसे ना नौकरी दिलाई और ना ही उसके पैसे वापस किए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला पंजीकृत किया।
शहर कोतवाल प्रदीप नेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने जांच में सहयोग के लिए आरोपी को अनेक बार नोटिस भेजा था। लेकिन आरोपी पुलिस के समक्ष उपस्थित न होकर फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ न्यायालय द्वारा जारी गैर -जमानती वारंट मिलने पर पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप सैनी पुत्र महेंद्र सिंह सैनी निवासी शिवालिक नगर को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम वैद्यानिक कार्रवाई कर रही है।
