कोटद्वार। शिक्षक दिवस के अवसर पर पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी द्वारा शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षा एवं समाज निर्माण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 154 शिक्षकों, महाविद्यालय के प्रोफेसरों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

निंबूचौड़ स्थित एक बारातघर में आयोजित समारोह में पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कार्यक्रम का शुभारंभ में भारत के पूर्व राष्ट्रपति व महान शिक्षाविद डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन व मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने मौजूद शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को सही दिशा, संस्कार और अनुशासन सिखाते हैं। उन्होंने भावुक होते हुए अपनी मां को जीवन की पहली गुरु बताते हुए कहा कि मां से मिले शुरुआती संस्कार ही जीवन भर मार्गदर्शन करते हैं। नेगी ने अपने एक शिक्षक से मिली सीख कभी हार मत मानना को स्मरण करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में धैर्य, ईमानदारी और गुरु का आशीर्वाद ही आगे बढ़ने का साहस देता है। नेगी ने कहा कि जो समाज अपने शिक्षकों का सम्मान करता है, वही अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।


कार्यक्रम में सम्मानित शिक्षकों ने इस आयोजन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज का यह सम्मान उन्हें और निष्ठा से कार्य करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में अनेक शिक्षक व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
