कोटद्वार। भारतीय गोर्खाली समाज सेवा समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा इस वर्ष हरितालिका तीज महोत्सव को चैरिटी के रूप में मनाया जाएगा। यह निर्णय समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में आई जल प्रलय से हुए नुकसान को देखकर लिया गया है। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष बतौर मुख्य अतिथि एवं महापौर शैलेंद्र सिंह रावत विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।
समिति के अध्यक्ष सुरेश गुरुंग, सचिव नारायण सिंह थापा ने बताया कि समिति कोटद्वार में पिछले 32 वर्षो से हरितालिका तीज महोत्सव बहुत बृहद रूप में मनाती आ रही है। लेकिन इस वर्ष नेपाल में आए जल प्रलय से जनजीवन को भारी नुकसान पहुंचा है जिससे समिति के समस्त पदाधिकारी, सदस्यों द्वारा अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए मेले को चैरिटी के रूप में करते हुए प्रत्येक वर्ष की भांति गोर्खाली संस्कृति के पारंपरिक गीत, संगीत के साथ इसे भव्य रूप से मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण तथा विशिष्ट अतिथि महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत उपस्थित रहेंगे। महोत्सव में सर्वप्रथम दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर संवेदना प्रकट की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दु:ख की घड़ी में हमारा देश भारत हमेशा पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के साथ तत्परता से खड़ा है। समिति ने समस्त जनमानस से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में पड़ोसी राष्ट्र नेपाल को आर्थिक सहायता देने में सहयोग करें।
