1.24 लाख की लागत से तैयार होगा नलकूप, झंडीचौड़ (उत्तरी) में होगी पेयजल आपूर्ति
कोटद्वार। उत्तराखण्ड जल संस्थान द्वारा राज्य सेक्टर कार्यक्रम के अंतर्गत नगर क्षेत्र के झंडीचौड़ (उत्तरी) में सिगड्डी पेयजल योजना के तहत नलकूप खनन एवं पम्पिंग कार्य का शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तराखण्ड विधानसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण द्वारा 1.24 लाख की लागत वाली इस योजना का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया गया।
शुक्रवार को झंडीचौड़ (उत्तरी) में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यह योजना लगभग चार हजार की आबादी वाले झंडीचौड़ उत्तरी, झंडीचौड़ पूर्वी, झंडीचौड़ पश्चिमी, रामदयालपुर, लोकमणिपुर एवं गंदरियाखाल क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि एक लंबे समय से इन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को लेकर विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। नलकूप एवं पम्पिंग कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की पेयजल समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। वक्ताओं ने कहा कि कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु विधायक ऋतु खंडूड़ी द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। पेयजल, सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। इसी क्रम में यह पेयजल योजना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी उत्तराखण्ड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण द्वारा वर्ष 2022 से अब तक 10 नलकूप कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में लगवाए गए है। यह नलकूप वार्ड नंबर 17 (मानपुर), वार्ड नंबर 27 (खूनीबड), वार्ड नम्बर 36 (लोकमणिपुर), वार्ड नंबर 3 (रामपुर), वार्ड नंबर 32 (देवरामपुर), वार्ड नंबर 33 (हल्दुखाता), वार्ड नंबर 30 (मोटाढ़ांग), वार्ड नंबर 34 (कण्वाश्रम), वार्ड नंबर 27 महेंद्र नगर (मोटाढ़ांग), वार्ड नंबर 32 (देवरामपुर) तथा वार्ड नंबर 38 (झंडीचौड़ उत्तरी) में शामिल हैं। इन क्षेत्रों की जनता को अब लगातार स्वच्छ एवं नियमित पेयजल आपूर्ति हो रही है।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि प्रमोद केष्टवाल, कमल नेगी, महेश नेगी, राजेंद्र जजेडी, अमिताभ अग्रवाल, पार्षद राजेंद्र बिष्ट, रजनीश बेबनी, कुबेर जलाल, सुदर्शन सिंह, राजीव डबराल, अनिल गौड़ व सतीश धूलिया सहित अनेक क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
