कोटद्वार। भाजपा सरकार ने आज सारी हदें पार कर दी हैं। यह सरकार आज केवल जातीय व धार्मिक आधार पर लोगों को बांटने का कार्य कर रही है। आगामी चुनावों में कांग्रेस फिर से अपना परचम लहराएगी। यह बात वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सूर्यकांत धस्माना ने कही।
गुरुवार को बद्रीनाथ स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा विकास, सुशासन व समरसता के नाम पर सिर्फ ढोंग रच रही है। उन्होंने कहा भाजपा यह बताए कि पिछले दस वर्षों में उनकी क्या उपलब्धि रही है।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। जिस कारण आज उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में महिला अपराध के मामलों में आज पहले नंबर पर है। आज हालत यह है कि पूरे प्रदेश में पांच हजार विद्यालय बंद होने की कगार में हैं। प्रदेश शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है। अशासकीय विद्यालयों में नियुक्तियां बंद कर दी गयी हैं। खुद राजधानी देहरादून का एमकेपी, डीएवी समेत मसूरी व हल्द्वानी के कालेज बंदी के कागार पर हैं।
धस्माना ने कहा कि सरकार हरिद्वार का मेडिकल कालेज तक नहीं चला पायी और उसे पीपीपी मोड पर दे दिया है। वहीं, आपदा प्रबंधन भी आज दिखाने के लिए बना हुआ है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर आज पर्वतीय क्षेत्रों की स्थिति बदहाल हैं, वहीं, जंगली जानवरों के आंतक से ग्रामीण परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के नाम पर जनता का पैसा बर्बाद करने में तुली है। आगामी चुनाव में जनता भाजपा को मुझतोड़ जवाब देगी।
एक सवाल के जवाब में धस्माना ने कहा कि आज भाजपा से अनेक लोगों ने कांग्रेस में आने के लिए आवेदन किया है। लेकिन यह पार्टी केंद्रीय नेतृत्व ही तय करेगा कि किसको पार्टी में लेना है।
स्थानीय विधायक का नाम लिए बगैर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कोटद्वार का अपने इतिहास में इतना बुरा कभी नहीं हुआ है। जितना आज देखने को मिल रहा है। उन्होंने पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कोटद्वार में विकास के नाम पर बहुत कार्य किए।
पत्रकार वार्ता के दौरान मीना बछवाण अध्यक्ष महानगर कांग्रेस कमेटी, संजय मित्तल पूर्व महानगर अध्यक्ष,डा. चंद्रमोहन खर्कवाल पूर्व जिलाध्यक्ष, संजीव कपूर व गुड्डू चौहान आदि कांग्रेसजन उपस्थित थे
