कोटद्वार। पुलिस ने साइबर ठगी के मामलें में फरार चल रहे एक आरोपी को पौड़ी से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कोटद्वार समेत कोलकाता, काशी, कर्नाटक, अमृतसर, तमिलनाडु तथा सहित अन्य स्थानों से साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायतें दर्ज हैं। जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी पर डेढ़ हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के मुताबिक मई माह में स्थानीय व्यक्ति रोहिताश कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा क्वांटम कैपिटल कम्पनी के माध्यम से फारेक्स ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर उनसे तीन लाख छियासी हजार की साइबर ठगी की गई है। पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत कर जांच शुरू की गयी।
शहर कोतवाल प्रदीप नेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा जांच के दौरान इस मामले में रुड़की निवासी आशीष रिचर्ड का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा नौ बैंक खाते खोले गए थे। इन बैंक खातों में डेढ़ करोड़ की साइबर ठगी से संबंधित धनराशि आने तथा उसके ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई। उक्त धनराशि का अधिकांश हिस्सा आरोपी आशीष द्वारा खुर्द बुर्द किया जा चुका है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध कोलकाता, काशी, कर्नाटक, अमृतसर समेत तमिलनाडु सहित अन्य स्थानों से साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस द्वारा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लगातार प्रयास किए जा रहे थे। जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा भी आरोपी की गिरफ्तारी हेतु डेढ़ हजार रूपये इनाम घोषित किया गया था।
इस दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी सरकारी अस्पताल में कार्यरत अपनी पत्नी से मिलने पौड़ी आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी आशीष रिचर्ड पुत्र प्रकाश बैंजमिन निवासी रूडकी (हरिद्वार) को पैड़ी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैद्यानिक कार्रवाई की जा रही है।
