गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता : जिलाधिकारी
पिथौरागढ़। मानसून के बाद सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियान की हकीकत परखने निकले जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने मंगलवार को पिथौरागढ़ -मुनाकोट सड़क मार्ग का औचक निरीक्षण किया। गड्ढा भरान में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क की स्थिति, चल रहे मरम्मत कार्य और गड्ढा भरान में इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री का जायजा लिया। सामग्री की गुणवत्ता अपेक्षित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी भट्टगाई ने कहा कि सड़क मरम्मत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री प्लांट में निर्धारित तकनीकी मानकों और तय प्रक्रिया के अनुसार तैयार की जानी चाहिए। इसके बाद ही उसे मौके पर लाया जाए। उन्होंने कहा कि घटिया सामग्री से की गई मरम्मत ज्यादा समय तक टिकाऊ नहीं रहती और इससे सरकारी धन का भी सही उपयोग नहीं हो पाता है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच की जाए और मौके पर अधिकारियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो। मानसून के बाद गड्ढामुक्त सड़क अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सड़क मरम्मत कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गड्ढामुक्त सड़क अभियान में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कहीं लापरवाही या मानकों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित अधिकारी या कार्यदायी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
